Shri Dungargarah Live

Hindi News POrtal

कांग्रेसी युवाओ ने किया शंखनाद, देश प्रदेश के नेताओ ने दिया प्रशिक्षण, स्थानीय नेताओं के साथ क्षेत्र के मंत्रियों की अनुपस्थिति रही चर्चा में, गुटबाज़ी का बना माहौल

श्रीडूंगरगढ़ लाइव…24 मई 2023।श्री डूंगरगढ़ कांग्रेस में दिखी गुटबाजी। आज श्रीडूंगरगढ़ में यूथ कांग्रेस के निवर्तमान देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बना के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस ने नफरतों के खिलाफ युवाओं का शंखनाद किया। इस कार्यक्रम में बीकानेर क्षेत्र की कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आई। मंच खुद अपने गुटबाजी का कहानी बयान कर रहा था।

इस आयोजन में देश-प्रदेश के नेता आये जिनका स्वागत 51 की माला पहनाकर किया गया। कांग्रेस के इन नेताओं ने मंच से मोदी सरकार को महंगाई,बेरोजगारी और नफरत फैलाने वाले मुद्दों पर घेरा लेकिन बीकानेर क्षेत्र के साथ श्रीडूंगरगढ़ के भी नेताओ की इस सम्मेलन में अनुपस्थिति बड़े सवाल छोड़ गई।


कस्बे के स्थानीय तेरापंथ भवन धोळीया नोहरा में ये आयोजन रखा गया था। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र ही नहीं बीकानेर से भी नेता और कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।कार्यक्रम में किसान नेता रामेश्वरलाल डूडी, खेल मंत्री अशोक चांदना, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, सोशल मीडिया संयोजक सुमित भगासरा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शाहिद खान, सहप्रभारी धीरज, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भंवरलाल कूकना, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बिशनाराम सिहाग, राजेन्द्र मूंड, सुंदर बेरड़, तोलाराम सिहाग, यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा, अभिमन्यु पूनियां, सुधीन्द्र मूंड, यशवीर सुरा, प्रदीप जोशी, फरमान कोहरी सहित अनेक अतिथि मौजूद रहें।

इन बड़े नेताओं ने जहाँ इस कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की वही दूसरी ओर बीकानेर जिले के मंत्रियों भंवरसिंह भाटी, बीडी कल्ला और गोविंद मेघवाल के साथ ही स्थानीय नेता भी नही दिखाई दिये। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, प्रधान सावित्री देवी गोदारा, बीसूका सदस्य विमल भाटी तथा ब्लॉक अध्यक्षो की अनुपस्थिति कई सवालों को जन्म दे गई। कांग्रेस का सम्मेलन और स्थानीय कांग्रेस संगठन पदाधिकारियों की अनदेखी इस सम्मेलन में कांग्रेस की गुटबाजी और स्थानीय स्तर पर सांगठनिक कमजोरी को प्रदर्शित कर रही थी।

श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस की ये गुटबाज़ी आने वाले विधानसभा चुनावों में क्षेत्र में कांग्रेस की कमजोर होती स्थिति दर्शा रही है। ये स्थिति इसी तरह रही तो कांग्रेस के लिये भविष्य में सिर्फ नुकसान ही दिखाई दे रहा है।

 

error: Content is protected !!